देश में इस साल खाद्यान्नों का उत्पादन रिकॉर्ड 29.56 करोड़ टन होने की उम्मीद है। केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की ओर से शुक्रवार को जारी फसल वर्ष 2019-20 के तीसरे अग्रिम उत्पादन अनुमान में यह जानकारी दी गई है। इस साल का उत्पादन पिछले साल के 28.52 करोड़ टन से 104.6 लाख टन अधिक है।
मंत्रालय द्वारा जारी अनुमान के अनुसार चावल का उत्पादन 2019-20 में 11.79 करोड़ टन होने का अनुमान है जो पिछले साल 11.64 करोड़ टन था। गेहूं का उत्पादन इस साल करीब 10.72 करोड़ टन होने का अनुमान है जो पिछले साल 10.36 करोड़ टन था। दालों का उत्पादन 230.10 लाख टन होने का अनुमान है जोकि पिछले पांच साल के औसत 220.8 लाख टन से ज्यादा है। हालांकि दालों का उत्पादन वर्ष 2017-18 के रिकॉर्ड उत्पादन 254.2 लाख टन से कम है। दालों में अरहर का उत्पादन इस साल 37.5 लाख टन और चने का 109 लाख टन होने का अनुमान है। उड़द का उत्पादन 23.3 लाख टन, मसूर का 14.4 लाख टन और मूंग का 23.4 लाख टन होने का अनुमान है।
मोटे अनाजों का रिकॉर्ड उत्पादन का अनुमान, तिलहन का पिछले साल से ज्यादा
मोटे अनाजों का उत्पादन भी इस साल रिकॉर्ड 475.4 लाख टन होने का अनुमान है जोकि पिछले साल के उत्पादन 430.6 लाख टन से 44.8 लाख टन ज्यादा है। मोटे अनाज में मक्का का उत्पादन रिकॉर्ड 289.8 लाख टन होने का अनुमान है। तिलहन फसलों का उत्पादन इस साल 335.01 लाख टन होने का अनुमान है जोकि पिछले साल के मुकाबले 19.8 लाख टन अधिक है। तिलहन में सोयाबीन का उत्पादन 122.42 लाख टन, सरसों का उत्पादन 87.03 लाख टन और मूंगफली का 93.5 लाख टन होने का अनुमान है।
गन्ने के उत्पादन में कमी आने की आशंका
गन्ने का उत्पादन 2019-20 में 35.81 करोड़ टन होने का अनुमान है जो पिछले साल के 40.54 करोड़ टन से कम है। वहीं कपास का उत्पादन इस साल 360.5 लाख गांठ (एक गांठ 170 किलोग्राम) होने का अनुमान है जोकि पिछले साल से 80.1 लाख गांठ अधिक है। जूट का उत्पादन इस साल 99.2 लाख गांठ (एक गांठ 180 किलोग्राम) होने का अनुमान है।