भारतीय जनता पार्टी, भाजपा ने महाराष्ट्र में मराठवाड़ा क्षेत्र के आठ जिलों में हाल में बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से फसल को हुए नुकसान का आकलन करने की मांग की है।
राज्य के औरंगाबाद, जालना, उस्मानाबाद, लातूर, बीड के अलावा नांदेड़, लातूर, हिंगोली जिलों में पिछले कुछ दिनों से बेमौसम बारिश के साथ ही ओलावृष्टि हुई है जिससे रबी फसलों को भारी नुकसान हुआ है।
भाजपा की महाराष्ट्र इकाई के महासचिव और विधान परिषद के सदस्य सुरजीत सिंह ठाकुर ने मंडलीय आयुक्त को शुक्रवार को भेजे पत्र में मांग की कि फसलों को हुए नुकसान का आकलन जल्द ही किया जाए। उन्होंने कहा कि बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से अनाज और फलों की फसलें बर्बाद हो गई है। हाल में क्षेत्र में जबरदस्त सूखा पड़ा था और अब इस बारिश ने किसानों को परेशानी में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि सरकारी एजेंसियां नुकसान का जल्द ही सर्वेक्षण कराए।
उस्मानाबाद के किसानों ने प्रशासन से मांगा मुआवजा
महाराष्ट्र के उस्मानाबाद की कलाम तहसील में बारिश के लिए तेज हवाएं चली तथा इस दौरान ओले भी गिरे। अधिकारियों के अनुसार बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से रबी फसलों गेहूं, चना के साथ ज्वार को तो भारी नुकसान हुआ ही है, इससे अंगूर और आम के बागानों को भी नुकसान पहुंचा है। स्थानीय किसानों ने प्रशासन से मांग की है जल्द से जल्द फसलों को हुए नुकसान का आकलन कर प्रभावित किसानों को मुआवजदा दिया जाना चाहिए।
एजेंसी इनपुट