Home एग्रीकल्चर एग्री ट्रेड गेहूं की खरीद 320 लाख टन, पंजाब और मध्य प्रदेश में तय लक्ष्य के करीब तो उत्तर प्रदेश में पिछड़ी
गेहूं की खरीद 320 लाख टन, पंजाब और मध्य प्रदेश में तय लक्ष्य के करीब तो उत्तर प्रदेश में पिछड़ी
गेहूं की खरीद 320 लाख टन, पंजाब और मध्य प्रदेश में तय लक्ष्य के करीब तो उत्तर प्रदेश में पिछड़ी

गेहूं की खरीद 320 लाख टन, पंजाब और मध्य प्रदेश में तय लक्ष्य के करीब तो उत्तर प्रदेश में पिछड़ी

चालू रबी विपणन सीजन 2020-21 में 21 मई तक गेहूं की खरीद 319.95 लाख टन पर पहुंच गई है। पंजाब और मध्य प्रदेश में जहां गेहूं की खरीद तय लक्ष्य के करीब पहुंच गई है, वहीं सबसे बड़े राज्य उत्तर प्रदेश में खरीद अभी भी पिछड़ रही है।

भारतीय खाद्य निगम (एफसीआई) के अनुसार पंजाब से गेहूं की खरीद 124.78 लाख टन की हो चुकी है जोकि तय लक्ष्य 135 लाख की 92.43 फीसदी है। पिछले साल राज्य से समर्थन मूल्य पर 129.12 लाख टन गेहूं ही खरीदा गया था। राज्य के कृषि मंत्रालय के अनुसार चालू रबी में गेहूं का उत्पादन 185 लाख टन होने का अनुमान है। मध्य प्रदेश से चालू रबी में समर्थन मूल्य पर 98.70 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है। अत: राज्य से तय लक्ष्य 100 लाख टन गेहूं की खरीद पूरी होने में केवल 1.3 फीसदी ही बचा हुआ है। पिछले रबी सीजन में राज्य की मंडियों से समर्थन मूल्य पर केवल 67.25 लाख टन गेहूं ही खरीदा गया था। चालू रबी में मध्य प्रदेश में 190 लाख टन गेहूं के उत्पादन का अनुमान है। पंजाब और मध्य प्रदेश से गेहूं की सरकारी खरीद 15 अप्रैल से शुरू हुई थी।

हरियाणा से 69.15 लाख टन की हो चुकी है खरीद, तय लक्ष्य से कम रहने का अनुमान

हरियाणा से चालू रबी में समर्थन मूल्य पर अभी तक 69.15 लाख टन गेहूं की खरीद हो चुकी है जोकि तय लक्ष्य 95 लाख टन का 72.79 फीसदी है। पिछले रबी सीजन में हरियाणा से 93.20 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। हरियाणा के खाद्य एवं आपूर्ति विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मंडियों में गेहूं की आवक पहले की तुलना में कम हो गई है तथा कुल खरीद तय लक्ष्य से कम होने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि राज्य के 4.67 लाख किसानों से गेहूं की खरीद हुई है तथा राज्य में 115 लाख टन गेहूं का उत्पादन होने का अनुमान है। हरियाणा से गेहूं की सरकारी खरीद 20 अप्रैल से शुरू हुई थी।

उत्तर प्रदेश से अभी तक 17.71 लाख टन ही हुई है खरीद

गेहूं के सबसे बड़े उत्पादक राज्य उत्तर प्रदेश से चालू रबी में समर्थन मूल्य पर अभी तक केवल 17.71 लाख टन गेहूं की खरीद ही हो पाई है जोकि तय लक्ष्य 55 लाख टन का केवल 32.2 फीसदी ही है। पिछले रबी में राज्य में 37 लाख टन गेहूं खरीदा गया था जबकि पिछले साल भी खरीद का लक्ष्य 55 लाख टन का ही तय किया गया था। चालू रबी में राज्य में 363 लाख टन गेहूं के उत्पादन का अनुमान है तथा राज्य में गेहूं की खरीद 15 अप्रैल से शुरू हुई थी।

गेहूं की खरीद का लक्ष्य 407 लाख टन का

चालू रबी में केंद्र सरकार ने 407 लाख टन गेहूं की खरीद का लक्ष्य तय किया है जबकि पिछले रबी में कुल 341.32 लाख टन गेहूं की खरीद हुई थी। चालू रबी में गेहूं की रिकार्ड पैदावार 10.71 करोड़ टन होने का अनुमान है जबकि कृषि मंत्रालय के अनुसार पिछले रबी में 10.36 करोड़ टन का उत्पादन हुआ था। केंद्र सरकार ने चालू रबी विपणन सीजन 2020-21 के लिए गेहूं का एमएसपी 1,925 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है जबकि पिछले रबी में 1,840 रुपये प्रति क्विंटल की दर से खरीद हुई थी।

राज्य          उत्पादन अनुमान  खरीद का लक्ष्य   अभी तक खरीदा गया   पिछले साल हुई खरीद  

उत्तर प्रदेश     363                       55                  17.71                        37.00

पंजाब            185                      135                124.78                      129.12

हरियाणा        115                        95                  69.15                        93.20

मध्य प्रदेश     190                       100                 98.70                       76.00

गेहूं उत्पादन और खरीद (लाख टन में)   (एफसीआई : 21 मई 2020 तक के आंकड़े)