Advertisement

राबड़ी ने किया तेजस्वी को सीएम बनाने की मांग का समर्थन

बिहार की पूर्व मुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल की नेता राबड़ी देवी ने अपने छोटे बेटे और राज्य के उप मुख्यमंत्री तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाए जाने की कार्यकर्ताओं की मांग का समर्थन किया है।
राबड़ी ने किया तेजस्वी को सीएम बनाने की मांग का समर्थन

बिहार विधान मंडल का बजट सत्र शुरू होने से पहले आज महागठबंधन के तीनों दलों के विधायकों की बैठक में शामिल होने के लिए पहुंची राबड़ी से जब पत्रकारों ने राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं की मांग पर उनकी टिप्पणी जाननी चाही तो राबड़ी ने कहा कि अगर जनता चाहेगी तो तेजस्वी मुख्यमंत्री बनेंगे।

राबड़ी के इस बयान के बाद जनता दल यूनाइटेड नेता और पूर्व मंत्री श्याम रजक से ज्यादा टिप्पणी से इनकार कर दिया लेकिन इतना जरूर कहा कि फिलहाल कोई वैकेंसी नहीं है। श्याम रजक लालू-राबड़ी के 15 वर्षों के शासनकाल में उनके काफी नजदीक माने जाते रहे हैं। इन दोनों की सरकार में श्याम रजक मंत्री भी रह चुके हैं लेकिन जब नीतीश कुमार के हाथों बिहार की बागडोर आई तब श्याम रजक ने पाला बदलते हुए जेडीयू का दामन थाम लिया था।

गौरतलब है कि पिछले दिनों राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के सामने ही पार्टी नेताओं ने तेजस्वी यादव को मुख्यमंत्री बनाए जाने की मांग की थी। उस वक्त लालू यादव ने कहा था कि तेजस्वी भविष्य के मुख्यमंत्री हैं। राजद विधायक सुरेंद्र यादव, मंत्री चंद्रशेखर और अन्य लोगों ने लालू यादव के सामने तेजस्वी को मुख्यमंत्री बनाने की मांग की थी। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad