Advertisement

उत्तर प्रदेश: मथुरा में सपा और बसपा पर जमकर बरसे अमित शाह

केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार को गरीबों के कल्याण के लिए प्रतिबद्ध बताते हुए भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने मथुरा में आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश में चाचा-भतीजे की सपा सरकार राज्य को विकास के रास्ते पर नहीं ले जा सकती। उन्होंने भाजपा को मौका देने की अपील करते हुए पूछा कि प्रदेश की जनता कब तक बसपा के भ्रष्टाचारी शासन और सपा के गुंडाराज को झेलती रहेगी।
उत्तर प्रदेश: मथुरा में सपा और बसपा पर जमकर बरसे अमित शाह

मथुरा में पंडित दीनदयाल उपाध्याय जन्मशती महोत्सव में भाग लेते हुए भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले ढाई वर्षों में यह करके दिखाया है कि एक गरीब-कल्याण सरकार किस तरह कार्य करती है। प्रदेश में कानून-व्यवस्था के खस्ता होने का आरोप लगाते हुए शाह ने कहा कि पूरा प्रदेश यह मानता है कि चाचा-भतीजे की सपा सरकार राज्य को विकास के रास्ते पर नहीं ले जा सकती। उन्होंने कहा, सपा के बाद बसपा और बसपा के बाद सपा की सरकारों के क्रम ने उत्तर प्रदेश को पिछड़ा राज्य बनने को मजबूर कर दिया है। शाह ने कहा, आखिर कब तक उत्तर प्रदेश की जनता बसपा के भ्रष्टाचारी शासन और सपा के गुंडाराज को झेलती रहेगी। शाह ने आरोप लगाया कि सपा-बसपा की सरकारों ने प्रदेश के विकास के लिए कुछ भी नहीं किया और तमाम संसाधनों के बाद भी उत्तर प्रदेश में न तो रोजगार सृजित हुआ ,न ही शिक्षा की अच्छी व्यवस्था हुई। स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति काफी खराब है और विकास के कार्य देखने को नहीं मिलते हैं।

पंडित दीनदयाल उपाध्याय को याद करते हुए शाह ने कहा कि उनके द्वारा दिखाए गए अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के विचारों एवं सिद्धांतों के आधार पर ही प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्त्व में केंद्र की भाजपा सरकार काम कर रही है। भाजपा अध्यक्ष ने कहा, जनसंघ की स्थापना पंडित दीनदयाल उपाध्याय ने सर्व समाज के कल्याण के लिए ही की थी जिसे प्रधानमंत्री ने एक सरल रूप में सरकार का मंत्रा बनाया और उसे सबका साथ, सबका विकास के रूप में परिभाषित किया। उन्होंने कहा कि दीन दयाल उपाध्याय ने शरीर, मन, बुद्धि, आत्मा एवं परमात्मा, सबमें एकात्म मानववाद ढूंढ़ने का काम किया और व्यक्ति, समाज एवं प्रकृति सबको जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के सारे आर्थिक चिंतनों के मूल में परस्पर सामंजस्य, सहयोग और एकात्मकता का भाव था जिसमें व्यक्ति बनाम समाज नहीं था बल्कि व्यक्ति एवं समाज के बीच एकात्मता थी, मानव बनाम प्रकृति नहीं  बल्कि दोनों के बीच में एकात्मता थी।

भाजपा अध्यक्ष ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में अगले चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनेगी और जो राज्य के गरीब बच्चों एवं गरीब बहन-बेटियों की सरकार होगी। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार समेत भाजपा की सभी राज्य सरकारों ने इस वर्ष को गरीब-कल्याण वर्ष के रूप में मनाने का निर्णय लिया है ताकि देश के गरीबों का उत्थान कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में शामिल किया जा सके। उन्होंने कहा कि अगर उत्तरप्रदेश को विकास के पथ पर आगे लेकर जाना है, राज्य को अग्रिम पंक्ति का प्रदेश बनाना है, उत्तरप्रदेश की वृद्धि दर को दहाई अंकों में पहुंचाना है तो राज्य में भाजपा की सरकार बनानी पड़ेगी।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad