Advertisement

पंचायत से संसद तक पार्टी को नई ऊंचाई पर पंहुचाएं: शाह

भाजपा अध्यक्ष अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि अगले 25 साल में पार्टी को पंचायत से संसद तक जीत की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाए और इसे ऐसी इमारत बनाएं कि दुनिया की हर इमारत छोटी पड़ जाए।
पंचायत से संसद तक पार्टी को नई ऊंचाई पर पंहुचाएं: शाह

भाजपा के स्थापना दिवस के अवसर पर बुधवार को अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा की वर्तमान सफलता को उसका शीर्ष नहीं मानें और आत्मसंतोष और आलसभाव से बचते हुए पंचायत से संसद तक पार्टी को जीत की नई ऊंचाइयों तक ले जाएं। भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह पार्टी का सौभाग्य है कि उसका नेतृत्व नरेंद्र मोदी कर रहे हैं जो दुनिया में सबसे लोकप्रिय नेताओं में शामिल हैं। उन्होंने कहा, सत्ता और शासन सुख भोगने के लिए नहीं होता बल्कि गरीबों, दबे कुचले वर्ग के लोगों, पिछड़ों के कल्याण और सेवा के लिए होता है और मोदी नीत राजग सरकार सामाजिक सुरक्षा पहलों एवं लोक कल्याण योजनाओं के जरिये इसे आगे बढ़ा रही है।

 

इस अवसर पर शाह ने जनसंघ के संस्थापक पंडित दीन दयाल उपाध्याय को पुष्पांजलि अर्पित कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने कहा,  मैं पार्टी के समस्त कार्यकर्ताओं को नमन करता हूं जिनके अनवरत प्रयास से भाजपा विश्व की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरी है। उन्होंने कहा कि यह कार्यकर्ताओं की शक्ति का ही परिणाम है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा देश की राजनीति का केंद्र बिंदु बनी है। शाह ने कहा कि भाजपा की पहचान एक राष्ट्रवादी पार्टी के रूप में है और यह हमारी पीढ़ी की जिम्मेदारी है कि हम इस पहचान को आगे ले जाएं और राष्ट्रवादी पहचान को सुरक्षित रखें।

 

नई दिल्ली में पार्टी के स्थापना दिवस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राज्यों में पार्टी नेतृत्व वाली सरकारों की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने शानदार ढंग से लोगों की सेवाएं की हैं और पार्टी को अपने मेहनती मुख्यमंत्रियों पर गर्व है। मोदी ने अपने ट्वीट में कहा,  भाजपा की स्थापना दिवस पर मैं भाजपा के करोड़ों कार्यकर्ताओं को सलाम करता हूं जिन्होंने हमेशा भाजपा की सेवा उत्साह और समर्पण के साथ की। एक अन्य ट्वीट में उन्होंने कहा,  भारत के लिए अपने प्रेम और देश को प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जाने की प्रतिबद्धता से कार्यकर्ताओं की पीढि़यों ने अपना जीवन पार्टी के लिए समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि कश्मीर से कन्याकुमारी, कच्छ से अरूणाचल प्रदेश तक लोगों ने भाजपा में विश्वास व्यक्त किया है और भाजपा को उनके सपनों को पूरा करने वाली पार्टी के रूप में देखा है।

 

 

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad