Advertisement

जिन्‍होंने देश काे लूटा, उनके अच्‍छे दिन नहीं: मोदी

अपने एक साल के काम का हिसाब देते हुए नरेंद्र मोदी ने काहा कि जिन्‍होंने देश को लूटा है, जिनके बुरे दिन आए हैं, वही हल्ला कर रहे हैं। उनकी सरकार ने 365 दिनों में इतने काम किए हैं कि गिनाने जाएं तो 365 घंटे भी कम पड़ जाएंगे।
जिन्‍होंने देश काे लूटा, उनके अच्‍छे दिन नहीं: मोदी

मथुरा। केंद्र की एनडीए सरकार का एक साल पूरा होने के मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपनी उपलब्धियां गिनाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। सोमवार को पंडित दीनदयाल उपाध्‍याय के गांव नगला चंद्रभान में आयोजित जनकल्‍याण रैली में मोदी ने कहा, अब बुरे दिन बीत चुके हैं। देश में चारों तरफ उमंग की लहर है। लेकिन मैंने कभी भी बुरे काम करने वालों के अच्छे दिन की गारंटी नहीं दी। जिन्‍होंने देश को लूटा है, जिनके बुरे दिन आए हैं, वही हल्ला कर रहे हैं। उन्‍हें चिल्‍लाने दीजिए। कांग्रेस पर निशाना साधने हुए उन्‍होंने कहा कि नई सरकार नहीं चुनी होती तो क्या होता? पहले रिमोट कंट्रोल से सरकार चलती थी। रोज नए घोटाले सामने आते थे। पिछले एक साल में कोई घोटाले की खबर आई है? कोई भाई-भतीजेवाद की खबर आई है? लूट का जमान गया कि नहीं? मोदी ने दावा किया कि वह प्रधान संतरी बनकर बैठे हैं। देश का पैसा लुटने नहीं देंगे। 
 
 
इस मौके पर नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार को गांव, गरीब और वंचितों को समर्पित बताया। उन्‍होंने दावा किया कि वह जनता को अपने 365 दिनों के काम का हिसाब देने आए हैं। इन 365 दिनों में उन्‍होंने और सरकार ने इतने काम किए हैं कि उन्‍हें गिनाने जाएं तो 365 घंटे भी कम पड़ जाएंगे। हर पल नया निर्णय लिया है। कभी चैन से नहीं बैठे। कभी छुट्टी नहीं ली। 
 
 
नई योजनाओं की वाहवाही 
इस मौके पर प्रधानमंत्री ने सरकार की नई योजनाओं की खूब तारीफ की। उन्‍होंने कहा कि 12 रुपए में कफन भी नहीं मिलता है, वह बीमा दिलवा रहे हैं। सरकार अटल पेंशन योजना लगाई है। जिसके जरिए किसान को 60 साल के बाद पेंशन मिल सकती है। अभी से पैसा जमा करना शुरू करोगो तो 60 साल के बाद पेंशन मिलेगा। सरकार उसमें पैसा डालेगी। इससे लोगों का बुढ़ापा सही होगा। 12 करोड़ लोगों को गैस सिलेंडर सब्सिडी का पैसा सीधे बैंक अकाउंट में मिलता है। प्रधानमंत्री ने 2022 तक सबको आवास, हर घर में शौचालय और सभी लोगों तक बिजली पहुंचाने के अपने वादों को भी फिर से दोहराया है।
 
 
किसानों के लिए सिर्फ यूरिया 
उत्‍तर प्रदेश में किसानों बदहाली और आत्‍महत्‍या की खबरों के बावजूद प्रधानमंत्री ने किसानों के लिए कोई बड़ी घोषणा नहीं की है। उन्‍होंने कहा, यूरिया किसानों को नहीं मिल पाती थी। मैंने खाद के तीन कारखाने दोबारा शुरू करने का फैसला किया है। इससे किसानों को खाद और लोगों को रोजगार मिलेगा। 20 लाख टन यूरिया का उत्पादन बढ़ने वाला है। यूपी और बरौनी में यूरिया के कारखाने लगाए जाएंगे। फर्टिलाइजर पर नीम कोटिंग शुरू की है। इससे यूरिया का खेती के अलावा कोई और उपयोग नहीं होगा और किसानों को भी फायदा होगा।
 
 
कांग्रेस पर कड़े प्रहार 
नरेंद्र मोदी ने अपनी सरकार की पहली सालगिरह के मौके पर कांग्रेस पर तीखे प्रहार करते हुए कहा कि घोटालों, रिमोट कंटोल की सरकार, दामादों के किस्से अब समाप्त हो चुके हैं तथा देश अब उमंग, परिवर्तन और विश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है। उन्‍होंने दावा किया कि हम एेसा करेंगे कि बुरा करने वालों के और बुरे दिन आयेंगे। बुरा करने वालों के सारे बुरे कारनामे बंद होकर रहेंगे। 
 
 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad