Advertisement

अपना और परिवार का नाम बीपीएल सूची में देख चौंके दिग्विजय

मध्य प्रदेश में प्रशासनिक लापरवाही का एक अजीब मामला सामने आया है। राज्य की बीपीएल सूची में पूर्व मुख्यमंत्री और कांग्रेस महासचिव दिग्विजय सिंह का नाम दर्ज है। इस संबंध में खुद दिग्विजय सिंह ने ट्वीट कर केंद्र और राज्य की भाजपा सरकार पर अपने खिलाफ साजिश रचने का आरोप लगाया है।
अपना और परिवार का नाम बीपीएल सूची में देख चौंके दिग्विजय

कांग्रेस महासचिव और मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने शनिवार को कहा कि उन्हें और उनके परिवार को केंद्र और मध्यप्रदेश सरकार द्वारा जारी की गई बीपीएल (गरीबी रेखा से नीचे) की सूची में शामिल कर दिया गया था। दिग्विजय ने कहा, मध्यप्रदेश सरकार (जीओएमपी) और भारत सरकार (जीओआई) ने मेरा नाम, मेरे बेटे का नाम बीपीएल की सूची में डाल दिया था। हम सभी कर अदा करते हैं। दिग्विजय सिंह ने शनिवार सुबह गोवा में होने वाली स्थानीय कांग्रेस इकाई की समन्वय समिति की बैठक के लिए जाने से पूर्व इस मुद्दे पर ट्वीट किया।

पूर्व मुख्यमंत्री ने ट्वीट किया,  हमने बीपीएल के अधीन मिलने वाले लाभों को पाने के लिए कभी कोई आवेदन नहीं दिया। यह मेरे और मेरे परिवार के खिलाफ साजिश है। सिंह ने आगे लिखा,  इसके लिए जो भी जिम्मेदार है उन्हें माफी मांगनी चाहिए और उन्हें सजा भी दी जानी चाहिए। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता स्थानीय पार्टी इकाई की समन्वय समिति बैठक की अध्यक्षता करने के लिए गोवा में हैं। इस बैठक में राज्य में आगामी लोकसभा चुनाव के दौरान समान विचारधारा वाली पार्टियों के साथ गठबंधन किए जाने के महत्वपूर्ण मुद्दे पर चर्चा की जाएगी।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad