Advertisement

योगी आदित्यनाथ ने जीती यूपी के सीएम की जंग

गोरखपुर के सांसद और भाजपा के वरिष्ठ नेता योगी आदित्यनाथ को आज लखनऊ में भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया। वह रविवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्य के मुख्यमंत्री को लेकर आज सुबह से ही केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह और मनोज सिन्हा, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य सहित कई नामों पर चर्चा रही, लेक‌िन सहमत‌ि योगी के नाम पर बनी। सूत्रों के अनुसार राज्य में दो उपमुख्यमंत्री भी बनाए जा सकते हैं।
योगी आदित्यनाथ ने जीती यूपी के सीएम की जंग

विधायकों की बैठक से पहले लखनऊ के वीवीआईपी गेस्ट हाउस में वेंकैया नायडू, केशव प्रसाद मौर्य, योगी आदित्यनाथ और ओम माथुर ने आपस में चर्चा की। इसी दौरान योगी के नाम पर सहमति बनी। इसके बाद विधायकों की बैठक शाम करीब साढ़े पांच बजे भाजपा प्रदेश मुख्यालय से सटे लोक भवन में आयोजित की गई। इसमें केंद्रीय पर्यवेक्षक एम. वेंकैया नायडू और भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव भूपेंद्र यादव मौजूद थे। बैठक में भाजपा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ओम माथुर, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष केशव प्रसाद मौर्य, सुनील बंसल तथा अन्य वरिष्ठ नेताओं ने भी हिस्सा लिया।

राजभवन से प्राप्त सूचना के मुताबिक नए मुख्यमंत्री और उनके मंत्री कल दोपहर दो बजकर 15 मिनट पर लखनऊ स्थित कांशीराम स्मृति उपवन में शपथ ग्रहण करेंगे। भाजपा प्रदेश महासचिव विजय बहादुर पाठक ने बताया कि पार्टी 14 साल बाद प्रदेश में सरकार बना रही है। बहुत से लोग इसके साक्षी बनना चाहेंगे। समारोह स्थल तथा उसके आसपास इस कार्यक्रम के सीधे प्रसारण के लिए एलईडी स्क्रीन की व्यवस्था की गई है। लखनऊ शहर में भी कई चुनिंदा स्थानों पर एलईडी लगाया जाएगा। उन्होंने बताया कि शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष अमित शाह शिरकत करेंगे। इसके अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों, राजग सरकारों के उपमुख्यमंत्रियों, केन्द्रीय मंत्रियों,  भाजपा शीर्ष नेतृत्व के पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह में शिरकत का न्यौता भेजा गया है। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad