Advertisement

अमरिंदर बने ‘कैप्टन’, टीम में सिद्धू के साथ बादल भी

कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली। उनके साथ नौ विधायकों ने मंत्रीपद की शपथ ली है। लगातार चर्चा में बने रहे पूर्व भाजपाई नवजोत सिंह सिद्धू ने कैबिनेट में नंबर तीन मंत्री के रूप में शपथ ली है।
अमरिंदर बने ‘कैप्टन’, टीम में सिद्धू के साथ बादल भी

वरिष्ठ कांग्रेसी नेता माने जाने वाले ब्रह्म मोहिंद्रा को दूसरे नंबर पर कैबिनेट मंत्री की शपथ दिलाई गई है। मोहिंद्रा ने आप उम्मीदवार को पटियाला देहाती सीट से हराया था। इसके साथ ही यह भी साफ हो गया है कि सिद्धू को उप मुख्यमंत्री बनाने की कोई योजना नहीं थी। सिद्धू ने अमृतसर ईस्ट से बीजेपी उम्मीदवार को हराया था। चंडीगढ़ के राजभवन में सुबह सवा दस बजे हुए शपथ ग्रहण समारोह में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी समेत कांग्रेस के तमाम बड़े नेता मौजूद रहे।

खास बात रही अमरिंदर कैबिनेट में मनप्रीत सिंह बादल का मंत्री बनना। पूर्व अकाली मनप्रीत बादल राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल के भतीजे हैं और अपने चचेरे भाई और राज्य के पूर्व उप मुख्यमंत्री सुखबीर सिंह बादल से गंभीर मतभेद के चलते पिछले लोकसभा चुनाव से पहले ही मनप्रीत ने अकाली दल से किनारा कर लिया था और बाद में वे कांग्रेस में शामिल हो गए। कांग्रेस ने उन्हें अमरिंदर कैबिनेट में चौथी वरियता दी है। उन्होंने सिद्धू के ठीक बाद शपथ ली। मनप्रीत बठिंडा से विधायक बने हैं।

इन चार लोगों के अलावा नाभा सीट के विधायत और कांग्रेस के बड़े दलित चेहरे साधु सिंह धर्मसोत, फतेहगढ़ चूड़ियां सीट के विधायक तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा, कपूरथला सीट से अकाली दल के उम्मीदवार को हराकर विधायक बने राणा गुरजीत सिंह और चरणजीत सिंह चन्नी पंजाब के कैबिनेट मंत्री के तौर पर शपथ दिलाई गई। मंत्रिमंडल में दो महिलाओं को भी जगह दी गई है। मलेरकोटला सीट की विधायक रजिया सुल्ताना को कैबिनेट राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार)  और दीनानगर सीट से विधायक चुनी गईं  अरुणा चौधरी को भी कैबिनेट राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) के तौर पर शपथ दिलाई गई। 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad