Advertisement

निगम चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारक होंगे कैप्टन अमरिंदर

पंजाब में मिली कामयाबी के बाद कांग्रेस कैप्टन अमरिंदर सिंह को दिल्ली के मतदाताओं को लुभाने के लिए बतौर स्टार प्रचारक मैदान में उतारेगी। कांग्रेस अध्यक्ष अजय माकन ने इस खबर की पुष्टि की है।
निगम चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारक होंगे कैप्टन अमरिंदर

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने आज बताया कि 30 मार्च को दिल्ली में अमरिंदर के नागरिक अभिनंदन के साथ इसकी शुरुआत कर दी जाएगी। इस दौरान वह 9 अप्रैल को राजौरी गार्डन विधानसभा सीट के लिए होने वाले उपचुनाव के लिए कांग्रेस के पक्ष में वोट मांगेंगे। इसके बाद 23 अप्रैल को होने वाले निगम चुनाव के प्रचार अभियान में भी अमरिंदर शिरकत करेंगे। उन्होंने बताया कि इस बाबत उनके प्रचार अभियान के कार्यक्रम को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

इस बीच माकन ने 25 मार्च से शुरू हो रहे कांग्रेस के अनूठे प्रचार अभियान कार्यक्रम का भी खुलासा किया। उन्होंने बताया कि इसके तहत वह 25 मार्च को फेसबुक पर मतदाताओं से सीधे रूबरू होंगे। इस अभियान को ‘दिल्ली की बात दिल के साथ’ नाम दिया गया है। इसमें वह फेसबुक लाइव के जरिये जनता से सीधा संवाद करेंगे जबकि 26 मार्च को कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश दिल्ली में सफाई इंतजामों की बदहाली के कारणों और कचरा प्रबंधन पर भविष्य के लिए नगर निगमों का रोडमेप पेश करेंगे।

अजय माकन ने बताया कि इसके बाद 27 मार्च को कांग्रेस जनसमस्याओं के समाधान पर लोगों के साथ भरत नगर में चाट पर चर्चा आयोजित करेगी। इसमें पार्टी के वरिष्ठ नेता शिरकत कर नगर निगम की समस्याओं और इनके समाधान पर जनता से सीधा संवाद करेंगे। भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement