Advertisement

पंजाबः सीमावर्ती गांवों में सेना के जवान पहुंचे

आतंकवादियों के खिलाफ सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पाकिस्तान की सीमा से लगे पंजाब के 6 जिलों में अलर्ट जारी कर दिया गया है। पाकिस्तान की सीमा से 10 किलोमीटर तक के गांव खाली कराने के आदेश जारी कर दिए गए हैं, जिससे पाकिस्तान के हमले में आम नागरिक सुरक्षित रहें। बहुत से लोग गांव छोड़कर चले भी गए हैं।
पंजाबः सीमावर्ती गांवों में सेना के जवान पहुंचे

उड़ी हमले के जवाब में भारत द्वारा पीओके में की गई सर्जिकल स्ट्राइक के बाद पंजाब में पाकिस्तान से सटी सीमा पर चौकसी बढ़ा दी गई है। सीमा पर पहले से ही हाई अलर्ट पर चल रही सुरक्षा तंत्र को और मजबूत किया जा रहा है। वहीं, पंजाब स्थित पाकिस्तानी सीमा के दस किलोमीटर के दायरे के गांवों को खाली किया जा रहा है। गांवों में सैन्य बलों के जवानों को रवाना किया जा रहा है। गांवों को खाली करने के आदेश के बाद गांवों दहशत का माहौल है। सीमा क्षेत्र के अस्पतालों में कुछ बेड रिजर्व कर दिए गए हैं। इस बीच पाकिस्तान सीमा के नजदीकी इलाके में स्कूलों में आज जल्दी छुट्टियां कर दी गईं। पंजाब शिक्षा विभाग ने एक आदेश जारी कर सीमा के 10 किलोमीटर क्षेत्र के सभी प्राइमरी स्कूलों को बंद करने के आदेश भी दिए हैं। सभी जिला शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर दिया गया है। सीमावर्ती गांवों के अंदर भी सेना के जवान गांवों में पहुंच चुके हैं। लोग गांव खाली करने लगे हैं।

पाकिस्तान सीमा से सटे फिरोजपुर में प्रशासन ने किसान मेला खत्म करवाया। सभी को वहां से तत्काल जाने को कहा गया है। सीमा क्षेत्र के गांवों व शहरों में सेना की गतिविधि बढ़ गई है। वाघा बार्डर पर होने वाली रिट्रीट सेरेमनी को देखने के लिए आने वाले लोगों को एक किलोमीटर पीछे ही रोक दिया गया है। समझौता एक्सप्रेस से आज 100 यात्री भारत आए हैं। उधर, सीमा क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर युद्ध की आशंका से लोगों ने अपनी गाड़ियों में तेल भरवाना शुरू कर दिया है। लोग तेल रिजर्व में भी रख रहे हैं। पेट्रोल पंपों पर जबरदस्त भीड़ उमड़ रही है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad