Advertisement

नियंत्रण रेखा पर पाक ने फिर की गोलाबारी, दागे मोर्टार

पाकिस्तानी सैन्य बलों ने इस माह में छठी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन करते हुए जम्मू-कश्मीर के राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर स्वचालित हथियारों से गोलीबारी की और मोर्टार दागे।
नियंत्रण रेखा पर पाक ने फिर की गोलाबारी, दागे मोर्टार

एक रक्षा प्रवक्ता ने कहा, पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के नौशेरा में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय सैन्य चौकियों पर सोमवार सुबह आठ बजे छोटे एवं स्वचालित हथियारों से अंधाधुंध गोलीबारी की और मोर्टार के गोले दागे।

अग्रिम चौकियों पर तैनात सैन्य बलों ने जवाबी कार्रवाई की और ताजा रिपोर्ट आने तक मुठभेड़ जारी थी। इस महीने में छठी बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया गया है।

इससे पहले पाकिस्तानी बलों ने आठ अप्रैल को राजौरी जिले में नियंत्रण रेखा के पास अग्रिम चौकियों पर गोलीबारी करके संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तान ने पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पांच अप्रैल को संघर्ष विराम का उल्लंघन किया।

उसने राजौरी जिले के भीमबर गली सेक्टर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर चार अप्रैल को मोर्टार के गोले दागे।

पाकिस्तानी सेना ने राजौरी जिले के बालाकोट सेक्टर में अग्रिम चौकियों पर तीन अप्रैल को मोर्टार बम दागे। इसी दिन पाकिस्तानी सैन्य बलों ने दूसरी बार संघर्षविराम का उल्लंघन करते हुए पुंछ सेक्टर के दिग्वर में नियंत्रण रेखा के पास भारतीय चौकियों पर गोलाबारी की।

एक अप्रैल को पुंछ सेक्टर के इसी इलाके में एक आईईडी विस्फोट में जूनियर कमीशंड ऑफिसर नायब सुबेदार एसएस सोम शहीद हो गए थे। पुंछ में मार्च में भी संघर्ष विराम का चार बार उल्लंघन किया गया।

भाषा

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad