Advertisement

भाजपा की जीत नोटबंदी के फैसले पर जनता की मुहर : शाह

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने फरीदाबाद नगर निगम में भाजपा को मिली जीत को नोटबंदी के फैसले पर जनता की मुहर करार दिया और कहा कि यह ऐतिहासिक विजय भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों तथा सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा की जीत है।
भाजपा की जीत नोटबंदी के फैसले पर जनता की मुहर : शाह

फरीदाबाद नगर निगम चुनाव में पार्टी की जीत पर जनता, संगठन पदाधिकारियों एवं पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देते हुए शाह ने कहा,  यह ऐतिहासिक विजय भाजपा की विकासोन्मुखी नीतियों तथा सबका साथ, सबका विकास की विचारधारा की जीत है। बड़े नोटों को अमान्य करने के निर्णय के बाद संपन्न हुए हर चुनावों में देश की जनता ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फैसले पर मुहर लगाने का काम किया है।

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कहा कि नोटबंदी के फैसले के बाद संपन्न हुए राजस्थान,  गुजरात,  महाराष्ट्र, चंडीगढ़ और मध्य प्रदेश के स्थानीय निकाय के चुनावों और विधान सभा एवं लोक-सभा उप-चुनावों के परिणाम से यह स्पष्ट हो गया है कि विपक्ष नोटबंदी के फैसले पर सिर्फ राजनीति कर रहा है जबकि देश की जनता एक ईमानदार भारत के पुनर्निर्माण में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के फैसले के साथ चट्टान की तरह एकजुट हो खड़ी है।

शाह ने कहा कि फ़रीदाबाद में भारतीय जनता पार्टी की अभूतपूर्व विजय, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की दृष्टि और भारतीय जनता पार्टी की कामकाज की राजनीति करने की नीति में देश की जनता की अटूट आस्था और विश्वास का एक और उदाहरण है।

भाजपा अध्यक्ष ने अपने बयान में कहा कि बड़े नोटों को अमान्य करने के फैसले के बाद संपन्न हुए स्थानीय निकाय चुनावों में भारतीय जनता पार्टी की यह लगातार छठी जीत है। शाह ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी जनता की हर आकांक्षा एवं विश्वास पर खरा उतरेगी। साथ ही अंत्योदय के सिद्धांत पर चलते हुए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्त्व में भाजपा गरीब-कल्याण की योजनाओं को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाएगी।

इसमें कहा गया है कि फरीदाबाद नगर निगम की 40 सीटों के लिए आज, 8 जनवरी को संपन्न हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी को 40 में से 30 सीटी सीटों पर जीत हासिल हुई है जबकि 10 सीटें निर्दलीय उम्मीदवारों के खाते में गई है।

भाषा 

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad