Advertisement

शाहिद कपूर के घर आई एक नन्ही परी, बॉलीवुड ने दी बधाई

अभिनेता शाहिद कपूर पिता बन गए हैं। शाहिद की पत्नी मीरा राजपूत कल मां बनीं जिसके बाद दोनों ने अपने घर आई नन्ही परी का स्वागत किया।
शाहिद कपूर के घर आई एक नन्ही परी, बॉलीवुड ने दी बधाई

शाहिद कपूर ने अपने बाप बनने की खुशी और उत्साह को ट्विटर पर प्रशंसकों के साथ साझा किया। उन्होंने उन सभी की शुभकामनाओं के लिए भी शुक्रिया अदा किया जिन्होंने उनकी बेटी के जन्म पर बधाई दी। शाहिद और मीरा की बेटी का जन्म शुक्रवार को हुआ था। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, वह (उनकी बेटी) आ गई है। हमें खुशी जाहिर करने के लिए शब्द कम पड़ गए हैं। आप सभी का शुभकामनाओं के लिए शुक्रिया। बॉलीवुड की तमाम हस्तियों ने भी शाहिद और मीरा को शुभकामनाएं दीं।अभिनेत्री जैकलीन ने कहा, मैं उन दोनों के लिए काफी खुश हूं। शाहिद और मीरा को परिवार में आए नए सदस्य के लिए शुभकामनाएं देना चाहूंगी। निर्देशक करन जौहार ने ट्वीट किया, शाहिद और मीरा को बहुत सारी शुभकामनाएं। एक बेटी से अधिक बहुमूल्य और कुछ नहीं होता, आपको मेरा बहुत सारा प्यार।

उड़ता पंजाब में शाहिद की सह-कलाकार रहीं आलिया भट्ट ने लिखा, सबसे शानदार जोड़ी को मुबारकबाद। बेटी को देखने के लिए काफी उत्सुक हूं। पीके की अभिनेत्री अनुष्का ने लिखा,  दोनों को शुभकामनाएं और बहुत सारा प्यार। बच्ची के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करती हूं। हाल ही में अपने दूसरे बच्चे को जन्म देने वाली जेनेलिया डीसूजा ने भी शाहिद और उनकी पत्नी को बधाई देते हुए ट्वीट किया, शाहिद और मीरा को बहुत सी शुभकामनाएं। दुनिया में इससे अच्छा आप कभी भी महसूस नहीं कर सकते और मुझे यकीन है कि आपको इसका एहसास होगा। नन्हीं सी जान को बहुत सा प्यार। इस बीच उनके पति रितेश ने लिखा,  शाहिद और मीरा को नन्हीं परी के जन्म पर शुभकामनाएं। हमारी श्रेणी में आपका स्वागत है। नन्हीं जान को प्यार और आशिर्वाद। निर्देशक-कोरियोग्राफर फराह खान ने लिखा,  ईश्वर आपकी नन्हीं जान की रक्षा करे और आप मुझसे कोई भी सलाह ले सकते हैं क्योंकि मेरे पास तीन हैं।

शाहिद और मीरा पिछले साल जुलाई में शादी के बंधन में बंधे थे। बॉलीवुड में शाहिद के करियर की बात करें तो उनकी आने वाली फिल्म विशाल भारद्वाज की रंगून है, जिसमें सैफ अली खान और कंगना रनावत भी नजर आएंगे।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad