Advertisement

फिल्मफेयर में आमिर, आलिया और दंगल की धूम

सुपरस्टार आमिर खान को 62वें जियो फिल्मफेयर पुरस्कारों में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का सम्मान मिला जबकि उनकी फिल्म दंगल साल की सर्वश्रेष्ठ फिल्म घोषित हुई। सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री का पुरस्कार उड़ता पंजाब फिल्म में शानदार अभिनय के लिए आलिया भट्ट को दिया गया जबकि सोनम कपूर ने नीरजा के लिए समीक्षकों की पसंद पुरस्कार (क्रिटिक्स च्वाइस एवार्ड) हासिल किया।
फिल्मफेयर में आमिर, आलिया और दंगल की धूम

सर्वश्रेष्ठ निर्देशक का पुरस्कार दंगल के लिए नीतेश तिवारी को मिला। यह फिल्म हरियाणा के पहलवान महावीर फोगाट और उनकी बेटियों की जिंदगी पर आधारित है। शनिवार की रात आयोजित पुरस्कार समारोह की मेजबानी करन जौहर, शाहरूख खान और कपिल शर्मा ने की। राम मधवानी निर्देशित नीरजा को समीक्षकों की पसंदीदा सर्वश्रेष्ठ फिल्म के सम्मान से नवाजा गया।

समीक्षकों के पसंदीदा अभिनेता शाहिद कपूर और मनोज वाजपेयी रहे जिन्हें क्रमश: उड़ता पंजाब और अलीगढ़ के लिए यह सम्मान दिया गया। ऋषि कपूर कपूर एंड संस में अभिनय के लिए सर्वश्रेष्ठ सहायक अभिनेता रहे जबकि शबाना आजमी को नीरजा के लिए महिला श्रेणी में यह सम्मान मिला। शत्रुघ्न सिन्हा को फिल्मफेयर लाइफटाइम एचीवमेंट पुरस्कार दिया गया।

समारोह में सलमान खान, सोनाक्षी सिन्हा, आलिया, टाइगर श्राफ, जैकलीन फर्नांडीज, वरुण धवन आदि ने कार्यक्रम प्रस्तुत किए। अश्विनी अयर तिवारी को निल बटे सन्नाटा के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित निर्देशक का पुरस्कार मिला। पंजाबी सुपरस्टार दिलजीत दोसांझ को उड़ता पंजाब के लिए सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेता का सम्मान दिया गया जबकि साला खडूस के लिए रितिका सिंह सर्वश्रेष्ठ नवोदित अभिनेत्री रहीं।

करन जौहर की फिल्म कपूर एंड संस ने सर्वश्रेष्ठ स्क्रीनप्ले, सर्वश्रेष्ठ कहानी श्रेणी में पुरस्कार अर्जित किए जिसे शकुन बत्रा और आयशा देवित्रो ढिल्लों ने साझा किया। इस फिल्म और उड़ता पंजाब ने संयुक्त रूप से सर्वश्रेष्ठ बैकग्राउंड म्यूजिक सम्मान हासिल किया। सर्वश्रेष्ठ संवाद (डायलाग) पुरस्कार पिंक को दिया गया जिन्हें रितेश शाह ने लिखा है। इस फिल्म में रजामंदी का मुद्दा उठाने वाले नो मीन्स नो जैसे डायलाग हैं। संगीत से जुड़े सम्मान में ज्यादातर करन जौहर की फिल्म ए दिल है मुश्किल का दबदबा रहा। संगीतकार प्रीतम चक्रवती को इस फिल्म के लिए सर्वश्रेष्ठ संगीत एल्बम का पुरस्कार मिला। सर्वश्रेष्ठ गीतकार पुरस्कार चन्ना मेरेया के लिए अमिताभ भट्टाचार्य को दिया गया। अरिजित सिंह को ए दिल है मुश्किल के शीर्षक गीत के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायक श्रेणी में सम्मान ने नवाजा गया। नेहा भसीन को सुल्तान के गीत जग घूमेया के लिए सर्वश्रेष्ठ पार्श्व गायिका का पुरस्कार मिला।

नई संगीत प्रतिभा के लिए फिल्मफेयर आरडी बर्मन पुरस्कार ए दिल है मुश्किल के बुलेया के लिए गायक अमित मिश्रा को मिला। शाहरूख खान की कंपनी रेड चिलीज ने फैन के लिए सर्वश्रेष्ठ विजुअल इफेक्ट्स सम्मान प्राप्त किया। सर्वश्रेष्ठ एडिटिंग पुरस्कार नीरजा के लिए मोनिषा बल्दावा को मिला जबकि सर्वश्रेष्ठ कास्ट्यूम का सम्मान पायल सलुजा को उड़ता पंजाब के लिए हासिल हुआ। आमिर की दंगल ने श्याम कौशल को सर्वश्रेष्ठ एक्शन पुरस्कार दिलवाया। मनोज वाजपेयी ने तांडव के लिए लघु फिल्म में सर्वश्रेष्ठ अभिनेता के सम्मान से नवाजा गया जबकि टिस्का चोपड़ा लघु फिल्म चटनी के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री रहीं। यह फिल्म सर्वश्रेष्ठ लघु फिल्म भी रही। (एजेंसी)

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad