Advertisement

मशहूर कश्मीरी गायिका राज बेगम का 89 वर्ष की उम्र में निधन

पद्मश्री से सम्मानित प्रसिद्ध कश्मीरी गायिका राज बेगम का आज सुबह निधन हो गया। राज बेगम को उनकी खूबसूरत आवाज के लिए नाइटिंगल ऑफ कश्मीर कहा जाता है।
मशहूर कश्मीरी गायिका राज बेगम का 89 वर्ष की उम्र में निधन

राज बेगम ने आज श्रीनगर के चानापोरा इलाके में अपनी बेटी के घर पर अंतिम सांस ली। वह 89 वर्ष की थीं। उनके परिवार में एक बेटी के अलावा दो पुत्र हैं। 27 मार्च 1927 को जन्मीं राज बेगम ने शादी विवाह समारोहों से गायन की शुरूआत की थी और कश्मीर की सबसे अधिक लोकप्रिय महिला गायिकाओं में शामिल हो गईं। बेगम के पिता ने उनकी गायन प्रतिभा को तराशा और 1954 में वह रेडियो कश्मीर में काम करने लगीं। कुछ ही समय बाद स्टेशन से प्रमुखता के साथ उनके कार्यक्रमों का प्रसारण होने लगा। राज बेगम की दिलकश आवाज ने कश्मीर के संगीत प्रेमियों के दिलों पर कई पीढ़ियों तक राज किया।

उन्हें वर्ष 2002 में पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। वर्ष 2013 में उन्हें संगीत अकादमी पुरस्कार से नवाजा गया। जम्मू-कश्मीर सरकार ने भी वर्ष 2009 में उन्हें सम्मानित किया था। जम्मू कश्मीर की मुख्यमंत्री महबूबा मुफ्ती ने मशहूर गायिका के निधन पर शोक प्रकट किया है। अपने शोक संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि कश्मीर ने एक बेशकीमती आवाज खो दी है। उन्होंने बेगम के निधन को कश्मीर के संगीत इतिहास के एक महान कालखंड की समाप्ति कहा। पूर्व मुख्यमंत्रियों फारक अब्दुल्ला, गुलाम नबी आजाद और उमर अब्दुल्ला ने भी बेगम के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। आजाद की पत्नी और मशहूर गायिका शमीम देव ने कहा कि वह बेगम के निधन की खबर सुनकर स्तब्ध हैं।

Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad