Advertisement

'सिर्फ हिंदू कट्टरपंथियों पर सवाल क्‍यों उठाते हैं सेक्‍युलर'

देश में असहिष्‍णुता पर छिड़ी बहस के बीच बांग्लादेशी लेखिका तसलीमा नसरीन ने कहा है कि उनके विचार में भारत एक असहिष्णु देश नही है। लेकिन उन्होंने यह सवाल भी उठाया कि देश में धर्मनिरपेक्ष लोग केवल हिंदू कट्टरपंथियों पर ही सवाल क्यों उठाते हैं, मुस्लिम कट्टरपंथियों को क्‍यों छोड़ देते हैं। तसलीमा ने कहा कि छद्म-धर्मनिरपेक्षता पर आधारित लोकतंत्र कभी सच्चा लोकतंत्र नहीं है।
'सिर्फ हिंदू कट्टरपंथियों पर सवाल क्‍यों उठाते हैं सेक्‍युलर'

कोझिकोड में आयोजित केरल साहित्‍य महोत्‍सव में शनिवार को तसलीमा नसरीन ने कहा, 'मुझे नहीं लगता कि भारत एक असहिष्णु देश है। अधिकतर लोग एक दूसरे की आस्था के प्रति सहनशील होते हैं, एेसा मेरा मानना है।' 

साल 1994 में अपने उपन्यास पर बांग्लादेश में कट्टरपंथियों का विरोध झेलने वालीं और भारत में निर्वासन में रह रहीं तसलीमा ने असहिष्णुता के विषय पर बहस में भाग लेते हुए कहा, देश (भारत) का कानून असहिष्णुता का समर्थन नहीं करता। लेकिन देश में बहुत सारे असहिष्णु लोग हैं। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा, 'भारत में धर्मनिरपेक्ष लोग केवल हिंदू कट्टरपंथियों पर ही सवाल क्यों उठाते हैं जबकि मुस्लिम कट्टरपंथियों को छोड़ देते हैं।' 

तसलीमा ने कहा कि भारत में वास्तविक संघर्ष धर्मनिरपेक्षता और कट्टरपंथ के बीच, नए विचारों और परंपराओं के बीच तथा आजादी को महत्वपूर्ण समझने वाले और नहीं समझने वाले लोगों के बीच है। कट्टरता के खिलाफ अपने संघर्ष को बयां करते हुए लेखिका ने कहा, 'सभी धर्म महिला विरोधी थे। हालांकि कट्टरपंथियों ने जो नुकसान पहुंचाया वह अलहदा है।' तसलीमा ने कहा कि धर्म को सरकार से अलग रखा जाना चाहिए। बांग्लादेश में कानून बनाने में धर्म के प्रभाव की वजह से हिंदू और मुस्लिम दोनों महिलाओं का दमन हुआ है।

इस साल केरल साहित्योत्सव में 150 से अधिक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय लेखक भाग ले रहे हैं जिसका आज आखिरी दिन है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad