Advertisement

क्लिंटन फाउंडेशन को दान का मुद्दा उठा कर फंसे ट्रम्प

हाल के दिनों में अमेरिका के राष्ट्रपति के चुनाव में हिलेरी क्लिंटन और डोनाल्ड ट्रम्प- दोनों के चैरिटेबल ट्रस्ट को दिए गए दान लेकर विवाद उठ रहा है। हिलेरी क्लिंटन के प्रतिद्वंद्वी डोनाल्ड ट्रम्प द्वारा यह कहे जाने पर विवाद उठ खड़ा हुआ है कि उन्होंने क्लिंटन के फाउंडेशन को दान दिया, जिससे कि वे उनके तीसरे विवाह समारोह में शामिल हों। ट्रम्प ने अगस्त में एक रिपब्लिकन प्राइमरी डिबेट में कहा, ‘मैंने उनसे कहा मेरी शादी में शामिल होइए। वे आईं, क्योंकि उनके पास कोई चारा नहीं था। मैंने उनके फाउंडेशन को अच्छी खासी रकम दी थी।’ अमेरिकी मीडिया के अनुसार, उनका यह दावा गलत है। क्योंकि, ट्रम्प की यह शादी 2005 में हुई थी। जबकि, उन्होंने क्लिंटन फाउंडेशन को 2009 और 2010 में डॉलर दान किए थे।
क्लिंटन फाउंडेशन को दान का मुद्दा उठा कर फंसे ट्रम्प

अमेरिकी मीडिया में इस बयान के बाद लगातार रिपोर्ट्स छप रही हैं। दरअसल, डेमोक्रेट उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन के पारिवारिक चैरिटी ट्रस्ट ‘द बिल, हिलेरी एंड चेल्सी क्लिंटन फाउंडेशन’ को ट्रम्प ने अपनी निजी कमाई में से दान नहीं दिया था। बल्कि, उन्होंने अपने फाउंडेशन ‘डोनाल्ड जे. ट्रम्प फाउंडेशन’ के जरिए दो उपहार भिजवाए थे। इस फाउंडेशन में अपनी निजी कमाई की बेहद थोड़ी रकम ट्रम्प जमा कराते हैं। वर्ष 2009 में ट्रम्प फाउंडेशन ने क्लिंटन के चैरिटी फाउंडेशन को एक लाख डॉलर बतौर ‘अनरेस्ट्रिक्टेड गिफ्ट’ भिजवाए थे। वर्ष 2010 में ट्रम्प फाउंडेशन ने 10 हजार डॉलर देकर क्लिंटन फाउंडेशन के एक आयोजन में टेबल बुक कराई थी। हालांकि, उसमें उन्होंने हिस्सा नहीं लिया।

अब बात उठती है कि क्लिंटन और ट्रम्प में से किसने चैरिटी के लिए कितना दान किया? हिलेरी और बिल क्लिंटन ने 2001 से 2015 के बीच कुल 23.2 मिलियन डॉलर अपने फाउंडेशन के जरिए चैरिटी के लिए दिए। डेमोक्रेट उम्मीदवार हिलेरी क्लिंटन ने अपने टैक्स रिटर्न के जो दस्तावेज जारी किए हैं, उनसे यह पता चलता है। इस अवधि में क्लिंटन दंपत्ति ने अपने भाषणों और किताबों की रॉयल्टी से 237 मिलियन डॉलर की कमाई की है। अपनी कुल आय का 9.8 फीसद उन्होंने चैरिटी के लिए दान किया है।

दूसरी ओर, ट्रम्प अपनी कमाई के मुकाबले दान करने में पीछे रहे हैं। ट्रम्प ने हाल में दावा किया है कि उनकी कुल संपत्ति 10 बिलियन डॉलर से भी ज्यादा है। वाशिंगटन पोस्ट अखबार के अनुसार, लेकिन उन्होंने 2001 से अब तक महज 3.9 मिलियन डॉलर ही दान किए हैं। अभी हाल में उन्होंने लुइसियाना के एक चर्च ग्रीनवेल स्प्रिंग्स बैप्टिस्ट चर्च को एक लाख डॉलर दान किए। हालांकि, वहां के डेमोक्रेट गवर्नर ने ट्रम्प के दौरे के पहले बैटन रोग एरिया फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे राहत शिविरों के लिए दान करने की सलाह दी थी, लेकिन ट्रम्प ने ऐसा नहीं किया। इससे पहले मई में ट्रम्प ने द मरीन कॉर्प्स लॉ एनफोर्समेंट फाउंडेशन को बुजुर्गों के पुनर्वास के लिए एक मिलियन डॉलर गिफ्ट किए थे।

ट्रम्प ने 1980 के दशक में अपना डोनाल्ड जे. ट्रम्प फाउंडेशन बनाया था। 2001 तक उन्होंने इसे 2.8 मिलियन डॉलर दान किए। एक दशक पहले ट्रम्प की तरफ से इस फाउंडेशन में दान में कमी आती गई और फिर बंद हो गई। फाउंडेशन के टैक्स रिकार्ड्स के अनुसार, 2008 में ट्रम्प ने इस फाउंडेशन को आखिरी दान किया था- 30 हजार डॉलर। तब से अन्य दानदाता ही इस फाउंडेशन में दान कर रहे हैं। 2007 में तो इस फाउंडेशन को जितनी रकम दान की मिली थी, उसका सिर्फ 0.73 फीसद हिस्सा ही ट्रम्प ने दान किया था।

वाशिंगटन पोस्ट का दावा है कि ट्रम्प फाउंडेशन के अधिकांश दान ट्रम्प के निजी विवाद सुलझाने के लिए हुआ करते हैं। उदाहरण के लिए, 2012 में ट्रम्प फाउंडेशन ने 158,000 डॉलर दान किए थे। यह रकम ट्रम्प के गोल्फ कोर्स से जुड़े एक विवाद को सुलझाने के लिए दान की गई थी। मार्टिन ग्रीनबर्ग नाम के एक व्यक्ति ने मुकदमा दायर किया था। इस मामले में ट्रम्प के फाउंडेशन द्वारा ग्रीनबर्ग के फाउंडेशन को चेक भेजा गया और मामला अदालत के बाहर सलट गया।

दूसरी ओर, क्लिंटन के पारिवारिक ट्रस्ट की ओर से 2001 से 2014 के बीच 18.4 मिलियन डॉलर की रकम दान की जा चुकी है। अरकांसास और न्यूयार्क के चापाक्वा के कई समूहों को दान किए गए। यहां बिल क्लिंटन गवर्नर रह चुके हैं। व्हाइट हाउस से हटने के बाद बिल क्लिंटन चापाक्वा रहने चले गए। अपने बिल, हिलेरी एंड चेल्सी क्लिंटन फाउंडेशन को क्लिंटन परिवार 2001 से 4.3 मिलियन डॉलर दान कर चुका है, जो उनकी निजी आय का 24 फीसद है।

अब आप हिंदी आउटलुक अपने मोबाइल पर भी पढ़ सकते हैं। डाउनलोड करें आउटलुक हिंदी एप गूगल प्ले स्टोर या एपल स्टोर से
Advertisement
Advertisement
Advertisement
  Close Ad